मथुरा: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी चैन स्नैचर कालिया घायल, साथी प्रकाश गिरफ्तार

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 13h Ago 160 Views


मथुरा में थाना रिफाइनरी पुलिस और एंटी रॉबरी टीम की संयुक्त कार्रवाई में छिनैती के मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी सूरज उर्फ कालिया पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी प्रकाश भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, एक चेन और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद करने की बात कही है।

मामला थाना रिफाइनरी क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि छिनैती के मामले में वांछित आरोपी किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोयला अलीपुर के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।

इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार मुड़कर भागने लगे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में सूरज उर्फ कालिया के बाएं पैर में गोली लग गई।

पुलिस ने घायल सूरज उर्फ कालिया और उसके साथी प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक चेन और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी के अनुसार, मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now