शुगर मिल धरने में कथित जातिसूचक टिप्पणी का मामला, कार्रवाई की मांग

  • संवाददाता: देवेश गौड़
  • 1d Ago 180 Views


कोसीकलां (मथुरा)। छाता शुगर मिल को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर चल रहे किसान धरने के दौरान कथित जातिसूचक टिप्पणी का मामला सामने आया है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने थाना छाता में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गिर्राज वाल्मीकि ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 20 सितंबर को सोशल मीडिया पर प्राप्त वीडियो में धरना मंच से वाल्मीकि समाज के प्रति कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। शिकायत में रिटायर्ड सूबेदार ललित तालन, पूर्व प्रधान जबर सिंह, दिगंबर चौधरी सहित अन्य नामजद एवं अज्ञात लोगों का उल्लेख किया गया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कथित टिप्पणी से वाल्मीकि समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो को साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराने की बात भी कही है।

अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो 22 सितंबर 2026 से पूरे मथुरा जनपद में अनिश्चितकालीन सफाई कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। संघ ने इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन पर बताई है।

गिर्राज वाल्मीकि ने यह भी कहा है कि यदि संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह जिलाधिकारी कार्यालय पर ज्वलनशील पदार्थ लेकर आत्मदाह का प्रयास करेंगे। साथ ही वाल्मीकि समाज द्वारा प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई है

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now