श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति को चारों धामों से निकली यात्राओं का संकल्प पूरा, अगली यात्रा की जल्द होगी घोषणा

  • संवाददाता: गोपाल अग्रवाल
  • 12h Ago 75 Views


मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए देश के चारों प्रमुख धामों से मथुरा तक श्रीकृष्ण रथ यात्राएं निकालने के करीब तीन वर्ष पुराने संकल्प का गुरुवार को अंतिम चरण पूरा हुआ। जगन्नाथपुरी से निकली श्रीकृष्ण रथ यात्रा के मथुरा पहुंचने पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर उसका स्वागत किया गया।

संयुक्त भारतीय धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर महाराज के सानिध्य में पहुंची यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन किए। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने आचार्य राजेश्वर महाराज और उनके शिष्यों का स्वागत किया।

आचार्य राजेश्वर महाराज ने इस अवसर पर संकल्प लेते हुए कहा कि वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य-दिव्य मंदिर निर्माण होने के बाद ही दोबारा दर्शन के लिए आएंगे। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भी इसी तरह का संकल्प लिया।

बताया गया कि मार्च 2025 में द्वारका, अक्टूबर में बद्रीनाथ और दिसंबर में रामेश्वरम-पंढरपुर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए रथ यात्राएं मथुरा पहुंची थीं। अब जगन्नाथपुरी से निकली यात्रा के मथुरा पहुंचने के साथ चारों धामों से निकाली गई यात्राओं का क्रम पूरा हुआ।

महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इन यात्राओं के माध्यम से 40 से 50 हजार गांवों, शहरों और कस्बों तक संपर्क किया गया और लोगों को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के विषय में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इससे भी बड़ी यात्राएं निकाली जाएंगी और अगली यात्रा की घोषणा जल्द की जाएगी।

महेंद्र प्रताप सिंह ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के इतिहास को लेकर अपने दावे भी रखे और कहा कि मूल गर्भगृह स्थल पर फिर से भव्य मंदिर निर्माण कराया जाएगा। वहीं आचार्य राजेश्वर महाराज ने कहा कि करीब तीन वर्ष पहले चारों दिशाओं के प्रमुख धामों से श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए रथ यात्राएं निकालने का जो संकल्प लिया गया था, वह अब पूरा हो गया है।

उन्होंने कहा कि यात्राओं के माध्यम से श्रीकृष्ण जन्मभूमि का विषय देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचा और उन्हें यात्रा के दौरान लोगों का समर्थन मिला। उन्होंने दोहराया कि मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण होने के बाद ही वह अपने अनुयायियों के साथ श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के दर्शन के लिए आएंगे।

इस अवसर पर राम सिंह राजौरिया, मोहनलाल, राधेश्याम शर्मा, सुनील चौबीसा, प्रकाश गौड़, डॉ. लता शर्मा, आशा शांडिल्य और रविराज शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now