सफाई कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित, बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कराने का नगर आयुक्त ने दिया आश्वासन

  • संवाददाता: पवन शर्मा
  • 11h Ago 211 Views


मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा कई दिनों से की जा रही काम बंद हड़ताल बुधवार को नगर निगम प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद फिलहाल स्थगित कर दी गई। आगामी श्रीराम बारात को देखते हुए सफाई कर्मचारियों ने शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।

बुधवार को नगर निगम कार्यालय में सभी वार्डों के पार्षदों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों ने नियुक्ति संबंधी मांगों और अपनी समस्याओं को नगर आयुक्त ओजस्वी राज के समक्ष रखा।

नगर आयुक्त ने सफाई कर्मचारियों को बताया कि उनकी नियुक्ति को लेकर अभी तक नगर निगम की बोर्ड बैठक में कोई प्रस्ताव पारित नहीं हुआ है। जब तक बोर्ड से प्रस्ताव पारित नहीं होता, तब तक नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा सकती।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि आगामी बोर्ड बैठक में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव रखा जाएगा। प्रस्ताव पारित होने के बाद नियमानुसार नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने अपनी काम बंद हड़ताल फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया। कर्मचारियों ने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक में यदि नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव पारित नहीं होता और उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता है, तो वे दोबारा काम बंद हड़ताल करने को मजबूर होंगे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now