मथुरा में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 567 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

  • 1d Ago 110 Views


मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार, शासन एवं प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में औद्योगिक प्रतिष्ठानों और निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए तीन दिवसीय ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के नजदीक स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना तथा कार्यजनित, व्यवसायिक एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना है।

इसी क्रम में 6 अक्टूबर को जनपद के तीन प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (मथुरा रिफाइनरी), एनएच-19, आरईडब्ल्यू कंस्ट्रक्शन प्रा.लि., डी-5 साइट ए, इंडस्ट्रियल एरिया मथुरा तथा पैप्सीको इंडिया होल्डिंग्स प्रा.लि., छाता में श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

मथुरा रिफाइनरी में 207 श्रमिकों, आरईडब्ल्यू कंस्ट्रक्शन में 225 श्रमिकों तथा पैप्सीको इंडिया होल्डिंग्स में 135 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस प्रकार पहले दिन कुल 567 श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।

स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। विभिन्न प्रतिष्ठानों पर चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट एवं वार्ड बॉय सहित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मौजूद रही।

इन स्थानों पर भी होंगे स्वास्थ्य शिविर

कार्यक्रम के तहत 7 अक्टूबर को रिफाइनरी एसोसिएशन, के-92 साइट बी, इंडस्ट्रियल एरिया मथुरा तथा कार्यालय यूपीसीडा, कोसी-कोटवन इंडस्ट्रियल एरिया में शिविर आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं।

वहीं 8 अक्टूबर को जैनकॉर्ड इंडस्ट्रीज प्रा.लि., दौताना-चंदौरी रोड, छाता तथा वेकमेट इंडिया लिमिटेड, ए-5, यूपीएसआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया, छाता में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कर्मचारी राज्य बीमा निगम, कर्मचारी राज्य बीमा योजना एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अंत में सहायक श्रमायुक्त ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now