'योगी मॉडल' से प्रदेश में खत्म हुआ माफिया राज, बोले विधायक राजेश्वर सिंह

कोसीकलां । लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा सीट से विधायक एवं प्रवर्तन निदेशालय के पूर्व निदेशक डॉ. राजेश्वर सिंह का नगर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की। 

विधायक शुक्रवार को अजरी सिंह प्रधान के सुपौत्र के यहां आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त बनाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण आज प्रदेश में कानून का इकबाल बुलंद है। माफिया राज पूरी तरह समाप्त हो चुका है और हजारों अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर पलायन कर चुके हैं। प्रदेश का योगी मॉडल पूरे देश के लिए अनूठा है।  उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से अजरी सिंह रावत, गजेंद्र सिंह, आदित्य चौधरी, मोनू रावत, बच्चू सिंह, राहुल चौधरी, सोनू और दिलीप कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।