जूस पी रही महिला को थार से टक्कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कार भी बरामद की

मथुरा में सड़क पर लापरवाही और दबंगई का मामला सामने आने के बाद थाना हाईवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला को टक्कर मारने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय आर्यन सिंह के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने बालाजीपुरम क्षेत्र से दबोच लिया।

घटना 18 अप्रैल की शाम चंदनवन चौराहे की है, जहां आरोप है कि आर्यन सिंह ने लाल रंग की थार गाड़ी से जूस पी रही महिला को टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता भूरी सिंह उर्फ कुंवर पाल की पत्नी बताई जा रही हैं।

घटना के बाद महिला के पति की शिकायत पर थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी भी बरामद कर ली है। थाना हाईवे पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सड़कों पर लापरवाही, स्टंटबाजी या जानलेवा हरकतें करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।