प्रेम, धोखा और कत्ल: पुलिस ने सुलझाई एक्सप्रेसवे मर्डर मिस्ट्री, मुठभेड़ में प्रेमी गिरफ्तार

मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर 13 अप्रैल को मिली युवती की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मामला प्रेम, धोखे और कत्ल की एक खौफनाक दास्तां निकला। देवरिया की रहने वाली 26 वर्षीय निकिता की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके शादीशुदा प्रेमी बृजेश ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी।बीती रात थाना बलदेव पुलिस और एसओजी की टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से हत्या में प्रयुक्त कार और मृतका का सामान भी बरामद किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका निकिता तीन महीने की गर्भवती थी और अपने प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही थी, जो उसकी मौत की वजह बन गया।

आपको बता दे कि 13 अप्रैल को यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 130 पर जब निकिता का शव मिला था, तो पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन की मदद से जब कड़ियां जुड़ीं, तो परत दर परत सच सामने आता गया। देवरिया की निकिता उर्फ वृंदा, जो 12 अप्रैल को वृंदावन घूमने आई थी, उसे क्या पता था कि उसका प्रेमी ही उसका काल बन जाएगा।जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी बृजेश पहले से शादीशुदा था। निकिता तीन महीने की गर्भवती थी और लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी विवाद के चलते बृजेश ने अपने दोस्त विकास के साथ मिलकर निकिता को कार में बैठाया और बलदेव क्षेत्र में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को एक्सप्रेसवे किनारे फेंककर दोनों फरार हो गए।

सीओ महावन श्वेता वर्मा ने बताया कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में बृजेश और विकास दोनों घायल हुए जिनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है। साथ ही निकिता का सामान भी उनके पास से मिला है।