महंगाई के खिलाफ मजदूरों का फूटा गुस्सा, 20 हजार वेतन की मांग

मथुरा में बढ़ती महंगाई को लेकर मजदूरों का आक्रोश खुलकर सामने आया। समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के बैनर तले बड़ी संख्या में मजदूरों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने न्यूनतम वेतन 20 हजार रुपये करने की मांग उठाई।

मजदूरों का कहना है कि मौजूदा वेतन में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। मजदूर नेता राघवेंद्र सिंह ने कहा कि नोएडा में वेतन 12 हजार से बढ़ाकर 13 हजार किया गया, जो काफी नहीं है। वहीं मथुरा की कई फैक्ट्रियों में मजदूरों को मात्र 8 हजार रुपये में काम करना पड़ रहा है।

बढ़ते बिजली बिल, किराए और शिक्षा-चिकित्सा खर्च ने मजदूरों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मजदूरों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।