दुल्हन की मेहंदी भी नहीं सूखी थी, हादसे में उजड़ गया सुहाग

जिस घर में खुशियों की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा छा गया। गुड़गांव से अपनी साली की शादी में शामिल होने बाइक से आगरा जा रहे एक युवक को रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुखद बात यह है कि मृतक की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी और उसकी पत्नी शादी वाले घर में अपने पति का इंतजार कर रही थी।

यह दर्दनाक हादसा मथुरा के नेशनल हाईवे स्थित कोसी कोटवन क्षेत्र में हुआ। खून से सनी बाइक उस भीषण टक्कर की गवाही दे रही है, जिसने एक नई-नवेली दुल्हन का सुहाग उजाड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा के अछनेरा निवासी प्रदीप गुड़गांव में नौकरी करता था। मंगलवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपनी साली की शादी में शामिल होने के लिए बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही प्रदीप कोसी कोटवन के पास पहुंचा, तभी रॉन्ग साइड से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। जैसे ही हादसे की खबर शादी वाले घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के पिता जयपाल और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।