श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुराम का जन्मोत्सव, चंदन लेप और पंचामृत अभिषेक से गूंजा परिसर

अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर ब्रज मंडल के सभी प्रमुख मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला देखने को मिली। इसी क्रम में श्री कृष्ण जन्मस्थान परिसर में विशेष आयोजन कर ठाकुर केशव देव भगवान को चंदन लेप धारण कराया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

इसी दिन भगवान परशुराम का जन्मोत्सव भी बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक विधि-विधान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के तहत श्री कृष्ण जन्मस्थान परिसर स्थित भागवत भवन में भगवान परशुराम का पंचामृत—दूध, दही, शहद एवं अन्य पवित्र सामग्रियों से वेद मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत अभिषेक किया गया।

इसके बाद महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्तों ने “जय श्री कृष्ण” और “जय भगवान परशुराम” के जयकारों से पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने इस आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया और धार्मिक वातावरण का आनंद लिया।

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि अक्षय तृतीया के अवसर पर एक ओर भगवान केशव देव को चंदन लेप धारण कराया गया, वहीं दूसरी ओर भगवान परशुराम के जन्मोत्सव का भव्य आयोजन कर धार्मिक परंपराओं का पालन किया गया।