मथुरा में नाली विवाद बना खूनी संघर्ष, पशु चिकित्सक की पीट-पीटकर हत्या

मथुरा में महज नाली के पानी की निकासी जैसे छोटे से विवाद ने बड़ा रूप ले लिया, जहां पड़ोसियों ने एक पशु चिकित्सक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना बलदेव थाना क्षेत्र के छोली गांव स्थित दाऊदाम कॉलोनी की है।

जानकारी के अनुसार, पशु चिकित्सक तेजपाल सिंह का अपने पड़ोसियों से नाली के पानी को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे यह विवाद फिर से भड़क उठा और देखते ही देखते दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में तेजपाल सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में उनका भाई नेत्रपाल भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।