महिला थाना की 'मिशन शक्ति' टीम ने बिखरते परिवार को जोड़ा, काउंसलिंग से फिर एक हुए पति-पत्नी

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 21h Ago 91 Views


महिला थाना मथुरा की 'मिशन शक्ति' टीम ने अपनी संवेदनशील कार्यशैली और प्रभावी मध्यस्थता का परिचय देते हुए एक बिखरते परिवार को फिर से जोड़ दिया है। लंबे समय से चल रहे पति-पत्नी के आपसी विवाद को सुलझाकर टीम ने दोनों को राजी-खुशी फिर से साथ रहने के लिए तैयार कर लिया।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 3 अगस्त 2026 को अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ उत्पीड़न व आपसी विवाद को लेकर महिला थाना मथुरा में एक प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत मिलने के बाद मिशन शक्ति टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। टीम ने पहले दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत की और इसके बाद उन्हें आमने-सामने बैठाकर कई दौर की विस्तृत काउंसलिंग की।

प्रभावी समझाइश और संवाद के बाद पति-पत्नी ने अपने आपसी मतभेद भुलाकर रिश्ते को एक और मौका देने पर सहमति जताई। दोनों ने भविष्य में प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ दांपत्य जीवन बिताने का संकल्प लिया।

महिला थाना पुलिस ने बताया कि 'मिशन शक्ति' अभियान का उद्देश्य केवल कानूनी कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि जहां संभव हो संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से बिखरते परिवारों को टूटने से बचाना भी है। इस सफल पहल की थाने में मौजूद लोगों ने भी जमकर सराहना की। इस काउंसलिंग में उपनिरीक्षक अनुराधा यादव, हेड कांस्टेबल प्रीति भारद्वाज, महिला कांस्टेबल आराधना और महिला कांस्टेबल रोली की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now