धू-धू कर जला ट्रांसफार्मर, व्यवसायी कॉम्प्लेक्स में मची अफरा-तफरी

मथुरा के व्यस्ततम इलाके डीग गेट स्थित शारदा कॉम्प्लेक्स में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां लगे एक बिजली के ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। आग इतनी भयानक थी कि कॉम्प्लेक्स के भीतर मौजूद दुकानदार और ग्राहक जान बचाकर बाहर की ओर भागे।

बताया जा रहा है कि एक बंदर के ट्रांसफार्मर पर कूदने की वजह से जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारियां आग की लपटों में बदल गईं। गनीमत यह रही कि आग लगने के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई कटवाई गई और दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि इस ट्रांसफार्मर के साथ पहले भी कई बार बंदरों की वजह से शॉर्ट सर्किट के हादसे हो चुके हैं, लेकिन विभाग इसे सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ट्रांसफार्मर आग के गोले में तब्दील हो गया और आसपास की दुकानों तक लपटें पहुँचने का खतरा पैदा हो गया था।