धौरैरा में लकड़ियों के ढेर में लगी भीषण आग, महिलाओं की महीनों की मेहनत राख, अराजक तत्वों पर आरोप

मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा-वृंदावन मार्ग स्थित बघेल बगीची के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव धौरैरा की महिलाओं द्वारा एकत्रित किए गए ईंधन (लकड़ियों) के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा लकड़ी का ढेर धधक उठा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी मात्रा में लकड़ियां जलकर राख हो चुकी थीं।

जानकारी के अनुसार धौरैरा गांव की लगभग 25 से 30 महिलाएं जंगलों से लकड़ियां एकत्रित कर बघेल बगीची के सामने जमा करती हैं, जिसका उपयोग वे सालभर घरेलू ईंधन के रूप में करती हैं। पीड़ित महिला गुड्डी ने बताया कि गैस की किल्लत और बढ़ती महंगाई के चलते ग्रामीण महिलाएं अब भी चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं।

घटना के बाद महिलाओं ने क्षेत्र में मौजूद अराजक तत्वों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस स्थान पर अक्सर असामाजिक तत्व और शराबी लोग बैठते हैं, जो बीड़ी, सिगरेट और चिलम का सेवन करते हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी सुलगती बीड़ी या चिलम की चिंगारी से लकड़ियों के ढेर में आग लगी, जिससे उनकी महीनों की मेहनत पलभर में राख हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी बनी हुई है और वे जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।