बस से उतरते समय छात्रा की मौत; ग्रामीणों का प्रदर्शन, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

बुलंदशहर के पहासू थाना क्षेत्र के करौरा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बस से उतरते समय संतुलन बिगड़ने से एक छात्रा सड़क पर गिर गई और उसी दौरान बस के अचानक चलने से वह टायर के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान सोनम के रूप में हुई है, जो NREC कॉलेज में बी.कॉम फाइनल ईयर की छात्रा थी। हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए CO अनूपशहर, SDM खुर्जा सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई।

ग्रामीणों ने बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल स्थिति पर पुलिस नजर बनाए हुए है और मामले की जांच की जा रही है।