50 बीघा खेत में लगी भीषण आग, किसानों की मेहनत राख—प्रशासन से मदद की गुहार

मथुरा। मंगलवार को चौमुंहा ब्लॉक के बिलोडा और औंधुता गांव से सटे खेतों में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते करीब 50 बीघा गेहूं के भूसे (नरी) को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सेही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत और आपसी सहयोग से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

ग्रामीण रामलाल, ओमी, सोनू डॉक्टर और रमेश ने बताया कि अचानक खेतों में आग लगती देख उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

इस हादसे में औंधुता निवासी ओमी की 16 बीघा, भगवान सिंह की 5 बीघा, सोरन की 5 बीघा, योगेश की 5 बीघा सहित कई किसानों की लगभग 50 बीघा भूसे की फसल जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित किसानों ने शासन-प्रशासन से आर्थिक मदद और मुआवजे की मांग की है।

वहीं चौकी प्रभारी सूरज तेवतिया ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।