वृंदावन को स्वतंत्र नगर पालिका बनाने की मांग तेज, डीएम को सौंपा ज्ञापन

  • 11h ago
  • 136 views


मथुरा: वृंदावन को मथुरा नगर निगम से अलग कर स्वतंत्र नगर पालिका बनाए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। मंगलवार को बड़ी संख्या में वृंदावन निवासी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन देने आए नागरिकों ने बताया कि वर्ष 2017 में वृंदावन नगर पालिका का मथुरा नगर पालिका के साथ विलय कर नगर निगम का गठन किया गया था। उनका कहना है कि कोविड-19 के बाद वृंदावन में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ गई है, जिससे शहर पर व्यवस्थागत दबाव लगातार बढ़ रहा है।

प्रार्थियों के अनुसार, वृंदावन में प्रतिदिन लगने वाला यातायात जाम, पार्किंग की समस्या, सफाई व्यवस्था और तीर्थयात्रियों की सुविधाएं अलग प्रशासनिक व्यवस्था की मांग करती हैं। उनका कहना है कि धार्मिक नगरी की विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप स्वतंत्र नगर पालिका बनने से विकास कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगे।

वृंदावनवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि उनकी मांग को शासन तक प्राथमिकता के साथ भेजा जाए, ताकि ब्रज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप वृंदावन को अलग नगर पालिका का दर्जा मिल सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now