मथुरा: मिशन शक्ति 6.0 के तहत छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 3h Ago 76 Views


मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को थाना जमुनापार की मिशन शक्ति, महिला सशक्तिकरण, ऑपरेशन जागृति और एंटी रोमियो टीम ने राजकीय हाईस्कूल लोहवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्राओं और उनकी माताओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, गुड टच-बैड टच और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बारे में समझाया। साथ ही नाबालिग बालक-बालिकाओं के प्रेम संबंधों के चलते घर छोड़ने जैसी घटनाओं को लेकर भी जागरूक किया गया। छात्राओं को सोशल मीडिया के सावधानीपूर्वक इस्तेमाल और साइबर अपराध होने पर शिकायत दर्ज कराने के तरीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा के लिए 1090 महिला पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित अन्य जरूरी नंबरों के बारे में बताया गया।

वहीं, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कविता सक्सेना ने छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और सशक्त बनाने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में छात्राओं के साथ उनकी माताओं को भी महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी तरह की परेशानी होने पर आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने का संदेश दिया गया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now