अग्रसेन मेले के दूसरे दिन माधवी महिला दिवस पर गूंजा नारी शक्ति की आवाज का मुद्दा

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 6h Ago 81 Views


मथुरा में अग्रवाल सभा द्वारा बीएसए डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित अग्रसेन मेले के दूसरे दिन माधवी महिला दिवस पर नारी शक्ति, सामाजिक सरोकार और भक्ति संगीत की शानदार झलक देखने को मिली। महिलाओं की प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियों ने जहां सामाजिक मुद्दों को उठाया, वहीं मुंबई से आए रॉक बैंड की भजन जैमिंग नाइट में देर रात तक अग्रवंशी भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबरेवाल और विशिष्ट अतिथि डॉ. सपना बंसल ने महाराजा अग्रसेन एवं मां लक्ष्मी के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

महिला सभा की ओर से वीरांगना झलकारी बाई के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें उनके अदम्य साहस, वीरता और रानी लक्ष्मीबाई के प्रति समर्पण को दर्शाया गया। वहीं, ‘स्वर्ण की पुकार’ नाटक के माध्यम से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों से जुड़े अवसरों और आरक्षण व्यवस्था जैसे मुद्दों को मंच पर उठाया गया। इसके अलावा महाभारत के अश्वत्थामा पर आधारित प्रेरक नाटक ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल ने महिला समिति की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए बताया कि कार्यक्रम के लिए महिलाओं ने पिछले दो महीने से लगातार तैयारी की थी। वहीं, अग्रवाल सभा के प्रधानमंत्री सुभाष अग्रवाल सिक्का वालों ने बताया कि वर्ष 2001 में शुरू हुआ अग्रसेन मेला आज अपनी 26 वर्षों की यात्रा में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर चुका है।

कार्यक्रम के अंत में महिला संयोजिका आशा अग्रवाल और मीरा अग्रवाल ने प्रतिभागी महिलाओं को सम्मानित किया। नारी शक्ति के संदेश और भक्ति संगीत की मधुर धुनों के बीच अग्रसेन मेले का दूसरा दिन यादगार बन गया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now