डॉक्टर्स डे पर प्रथम पहल फाउंडेशन ने 'धरती के भगवान' का किया सम्मान, चिकित्सकों की सेवा को किया नमन

  • 14h ago
  • 93 views


मथुरा। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर कान्हा की नगरी मथुरा में प्रथम पहल फाउंडेशन द्वारा चिकित्सकों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की सेवा में दिन-रात समर्पित रहने वाले डॉक्टरों को 'धरती का भगवान' बताते हुए उनका सम्मान किया गया और स्वास्थ्य सेवा के प्रति उनके योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी नवल गिरी महाराज, फाउंडेशन के संस्थापक सीए अमित अग्रवाल, डॉ. अभिषेक, डॉ. सिद्धांथ धनगर सहित अन्य अतिथियों ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर सीए अमित अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सक समाज का वह मजबूत स्तंभ हैं जो असंख्य लोगों को नया जीवन देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम पहल फाउंडेशन स्वयं को सौभाग्यशाली मानता है कि उसे ऐसे समर्पित डॉक्टरों का सहयोग प्राप्त है। फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सस्ती, सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करना है।

समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी नवल गिरी महाराज ने डॉक्टरों के साथ होने वाली हिंसा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सकों के साथ दुर्व्यवहार या हिंसा किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी घटना की निष्पक्ष जांच से पहले डॉक्टरों को दोषी ठहराने या कानून हाथ में लेने के बजाय संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करें। उन्होंने कहा कि डॉक्टर दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा करते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सत्यमित्र, डॉ. चन्द्र मोहन अग्रवाल और डॉ. पीयूष धनगर ने भी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निर्धनों और जरूरतमंदों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य नहीं है।

समारोह में डॉक्टरों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पैरामेडिकल स्टाफ का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवा और जनकल्याण के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now