भूतेश्वर अंडरग्राउंड पाइपलाइन का काम 2-3 दिन में होगा पूरा, लंबे जाम से मिलेगी राहत

  • 9h ago
  • 81 views


मथुरा। भूतेश्वर पुल के नीचे जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा कराए जा रहे अंडरग्राउंड पाइपलाइन निर्माण का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। मथुरा-वृंदावन नगर निगम का दावा है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे लंबे समय से लग रहे ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी।

नगर निगम द्वारा करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से मसानी से भूतेश्वर तक अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इस परियोजना का कार्य जनवरी में शुरू हुआ था और इसे मार्च तक पूरा होना था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसमें देरी हुई। वर्तमान में भूतेश्वर पुल के पास निर्माण कार्य के चलते पिछले डेढ़ महीने से प्रतिदिन लंबा जाम लग रहा है, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल खुलने के बाद यातायात का दबाव और बढ़ गया है।

सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने बताया कि परियोजना अब अंतिम चरण में है और मात्र दो से तीन दिन में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद यातायात सामान्य हो जाएगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में देरी को लेकर कुछ दिन पहले व्यापारियों ने भी विरोध प्रदर्शन किया था। निर्धारित समय पर कार्य पूरा न होने के कारण नगर निगम ने संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना भी लगाया है।

नगर निगम के अनुसार, पाइपलाइन का निर्माण पूरा होने के बाद भूतेश्वर पुल के नीचे बारिश के दौरान होने वाला जलभराव काफी हद तक समाप्त हो जाएगा। पुल के नीचे जमा होने वाला वर्षा का पानी सीधे मसानी नाले में पहुंच जाएगा, जिससे बरसात के मौसम में लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now