हिमाचल में मानसून का कहर, 24 घंटे में 6 की मौत; 10 घायल, सड़कें और बिजली व्यवस्था प्रभावित

  • 12h ago
  • 145 views


शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश, भूस्खलन, करंट लगने और सड़क हादसों के कारण पिछले 24 घंटों में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में 46 सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक असर मंडी, कुल्लू, सिरमौर, ऊना और लाहौल-स्पीति जिलों में देखने को मिला है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई मार्गों पर यातायात ठप हो गया है।

बारिश का असर बिजली और पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा है। प्रदेश में 181 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं, जबकि 6 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, प्राकृतिक आपदाओं और सड़क हादसों से अब तक करीब 44.40 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है और बंद सड़कों को खोलने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now