अटल टनल के बाहर दर्दनाक हादसा, बैरिकेड तोड़ निर्माणाधीन पुल से टकराई स्कॉर्पियो - राजस्थान के पर्यटक की मौत

  • 13h ago
  • 161 views


मनाली/लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध अटल टनल के उत्तरी छोर के बाहर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन बैरिकेड तोड़ते हुए नीचे निर्माणाधीन पुल से जा टकराया। हादसे में राजस्थान के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उस समय हुआ जब पर्यटक मनाली से लाहौल की ओर जा रहे थे। अटल टनल से बाहर निकलते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। स्कॉर्पियो सड़क किनारे लगे बैरिकेड तोड़कर निर्माणाधीन पुल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुल के लोहे के सरिये वाहन के भीतर तक घुस गए और गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में 34 वर्षीय कैलाश, निवासी सीकर (राजस्थान) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उत्तर प्रदेश और राजस्थान के तीन अन्य पर्यटक घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना मानी जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने पर्यटकों से पहाड़ी मार्गों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने और विशेषकर बारिश के मौसम में रात के समय सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now