वृंदावन में युवक पर लाठी-डंडों और सरियों से जानलेवा हमला, CCTV होने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने का आरोप

  • संवाददाता: राहुल ठाकुर
  • 7h Ago 298 Views


वृंदावन में मारपीट और पथराव की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गौतम पाड़ा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि घटना की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।

पीड़िता पूनम गौतम के मुताबिक, 5 नवंबर की शाम करीब 6 बजे प्रिंस गौतम, दमन गौतम, उदय गौतम, रोबिन गौतम और राकेश गौतम समेत कुछ अन्य लोग उनके घर पहुंचे और रिंकू उर्फ चंदन गौतम पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से पीटा, जिससे उसे चोटें आईं।

शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसी दुकानदार राहुल ठाकुर और वंशी कश्यप ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया। पीड़िता का आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़िता का कहना है कि घटना की शिकायत वृंदावन पुलिस से की गई और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न्याय की मांग को लेकर पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

वहीं दूसरी ओर, बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर पथराव की घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले संवेदनशील मार्ग पर ऐसी घटना होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पीड़िता को एसएसपी से न्याय की उम्मीद है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now