संस्कृति विवि में सजा हरियाली तीज का रंग, शुभांगी सक्सेना बनीं ‘तीज क्वीन’

  • 1 day ago
  • 107 views


मथुरा के संस्कृति विश्वविद्यालय में हरियाली तीज के पावन अवसर पर संतोष मेमोरियल ऑडिटोरियम में भव्य ‘तीज उत्सव’ का आयोजन किया गया। भारतीय परंपरा, आधुनिकता और नारी शक्ति के अनोखे संगम वाले इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार की महिला संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की CEO डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने भारतीय संस्कृति में तीज पर्व के महत्व और नारी शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय परंपराओं को जीवंत रखने के साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का मंच भी प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्रीमती अभिनेत्री चेट्टी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ डीन एकेडमिक्स डॉ. रेनू गुप्ता द्वारा CEO डॉ. मीनाक्षी शर्मा के स्वागत और सम्मान के साथ हुआ।

संतोष मेमोरियल ऑडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में डॉ. गरिमा गोस्वामी के नृत्य, डॉ. रीना रानी की पारंपरिक प्रस्तुति और सुश्री रितिका की सुरीली गायकी ने दर्शकों का मन मोह लिया। डॉ. अनुपम सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम में रेडियो सिटी के एंकर शिवम ने मनोरंजक खेल गतिविधियों और अपनी शानदार एंकरिंग से माहौल में उत्साह भर दिया। इसके बाद आयोजित रैंप वॉक में प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधानों में आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में ओपन DJ पर सभी ने जमकर डांस किया।

कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों और निर्णायकों के निर्णय के आधार पर श्रीमती शुभांगी सक्सेना, सहायक प्रोफेसर, होटल मैनेजमेंट, संस्कृति विश्वविद्यालय को ‘तीज क्वीन’ चुना गया। CEO डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने उन्हें ‘तीज क्राउन’ पहनाकर सम्मानित किया।

इस भव्य आयोजन का सफल समन्वय डॉ. दुर्गेश वाधवा और AO विवेक के नेतृत्व में हुआ। वहीं मंच संचालन की जिम्मेदारी शुभांगी सक्सेना और रेडियो सिटी के एंकर शिवम ने संयुक्त रूप से संभाली। दोनों की शानदार जुगलबंदी और वाकपटुता ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।

कार्यक्रम का समापन ग्रुप फोटोग्राफी और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर हरियाली तीज के पारंपरिक रंग, उमंग और उल्लास में सराबोर नजर आया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now