महावन में खूनी संघर्ष: चारा लेने गए युवक पर धारदार हथियार से हमला, चार घायल

  • 21h ago
  • 155 views


मथुरा। थाना महावन क्षेत्र के कस्बा महावन में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गए एक युवक पर घात लगाकर बैठे नामजद लोगों ने कुल्हाड़ी और तलवार से हमला कर दिया। युवक को बचाने पहुंचे परिजनों पर भी आरोपियों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, रविंद्र पुत्र पूरन सिंह निवासी महावन रविवार को पशुओं के लिए चारा काटने खेत पर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान घात लगाए बैठे नामजद लोगों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। रविंद्र पर हमला होते देख उनके भाई मनोज, सुभद्रा, पूरन और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उन पर भी हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही महावन पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए मथुरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

पीड़ित पक्ष ने परिवार के ही कुछ लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now