फूल बंगले में विराजमान हुईं मां कंकाली, भजन संध्या में महिलाओं ने जमकर लगाए ठुमके

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 14h Ago 84 Views


शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रजमंडल के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी आस्था देखने को मिल रही है। मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अष्टमी के अवसर पर मां कंकाली देवी मंदिर में भव्य फूल बंगला सजाया गया।

रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से सजे मंदिर परिसर में मां कंकाली के दिव्य दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वहीं, मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में महिला श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। देवी मां के मधुर भजनों पर महिलाएं झूमती नजर आईं और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

शारदीय नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना की जा रही है। अष्टमी के पावन अवसर पर मां कंकाली देवी मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। मंदिर में फूल बंगले की आकर्षक सजावट की गई, जिसमें विभिन्न प्रकार के फूलों का इस्तेमाल किया गया। फूलों से सजे दरबार में विराजमान मां कंकाली के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

इसी दौरान मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन भी किया गया। भजन संध्या में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया। देवी मां के एक से बढ़कर एक मधुर भजनों की प्रस्तुति ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की धुन पर महिलाएं झूमती और नृत्य करती नजर आईं। भक्ति और उल्लास से भरे इस आयोजन ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।

पंडित सुनील शर्मा, सेवायत, मां कंकाली देवी मंदिर

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए मां कंकाली देवी मंदिर के सेवायत पंडित सुनील शर्मा ने बताया कि मां कंकाली देवी एक सिद्धपीठ हैं, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। नवरात्रि के दौरान दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त मां के दर्शन करने आते हैं। उन्होंने बताया कि सप्तमी और अष्टमी के अवसर पर लगातार दो दिनों तक फूल बंगले का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा के अंतर्गत श्रद्धालुओं के सहयोग से मां का भव्य फूल बंगला सजाया गया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now