कोसीकलां में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, मनमोहक झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन...
- 7m ago
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 के द्वितीय चरण के तहत मथुरा पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना बल्देव की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं छात्राओं को बताया कि बसों, रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर यदि कोई मनचला या शोहदा छेड़खानी करता है, तो डरने या चुप रहने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। ऐसी घटनाओं में महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत करने और संबंधित थाने पहुंचकर प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 102 और 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में इन सेवाओं का उचित उपयोग कर समय रहते सहायता प्राप्त की जा सकती है। महिलाओं और बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। पुलिस ने व्यक्तिगत जानकारी, फोटो, मोबाइल नंबर और अन्य संवेदनशील जानकारियां अनजान व्यक्तियों के साथ साझा न करने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के महत्व को समझाया।
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के दौरान थाना बल्देव पुलिस टीम ने छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली और जरूरतमंद विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।
इस योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), नीट (NEET), जेईई (JEE), एनडीए (NDA) और सीडीएस (CDS) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
पुलिस टीम ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनाना है। थाना बल्देव पुलिस टीम ने महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक करते हुए सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, किसी भी अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मथुरा पुलिस का यह अभियान महिला सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण के साथ-साथ बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर