कोसीकलां में महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा, सजे-धजे डोलों और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

  • संवाददाता: अक्षय यादव
  • 9h Ago 77 Views


मथुरा जनपद के कोसीकलां में श्री अग्रवाल सभा के तत्वावधान में श्री अग्रसेन महोत्सव के अंतर्गत महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में सजे-धजे डोलों, आकर्षक झांकियों और बैंड-बाजों की मधुर धुनों ने पूरे नगर को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया और महाराजा अग्रसेन के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन का भव्य डोला और माता माधुरी का सुसज्जित डोला विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही करीब आधा दर्जन से अधिक मनमोहक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। झांकियों में श्रीनाथजी, घोड़े पर सवार रानी लक्ष्मीबाई और महाराणा प्रताप, नीम करौली बाबा, भरत-शत्रुघ्न, ओरछा धाम के दर्शन, श्रीराधा-कृष्ण, घोड़ों पर सवार अठारह राजकुमार और माता लक्ष्मी के मनोहारी स्वरूप प्रस्तुत किए गए।

शोभायात्रा में आधा दर्जन से अधिक बैंड और नफीरी की मधुर धुनों ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। अग्रवाल समाज के साथ अन्य समाजों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर महाराजा अग्रसेन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने अग्रबंधुओं और नगरवासियों को श्री अग्रसेन महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और महाराजा अग्रसेन के डोले के साथ चलते नजर आए। श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल जाविया ने भी सभी को महोत्सव की बधाई दी। नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए श्री अग्रवाल सभा का आभार व्यक्त किया। वहीं, मंत्री जगन गोयल ने भी सभी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में देशबंधु अग्रवाल, अजय गोयंका, सुभाष गोयल, वेद प्रकाश गोयल, सुभाष अग्रवाल, हरिओम गुप्ता, सोनू मंगला, महेश अग्रवाल, भगवत बताशे वाले, विवेक अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल, तरुण सेठ, संजय गर्ग, अमित गर्ग और नवल अग्रवाल भगत जी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

श्री अग्रवाल सभा कोसीकलां द्वारा आयोजित इस भव्य शोभायात्रा ने सामाजिक एकता, भाईचारे और महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का संदेश दिया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।

कोसीकलां, मथुरा से देखिए महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा की खास झलकियां।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now