मथुरा में मनचलों की अब खैर नहीं! गोविंदनगर पुलिस ने महिलाओं-बालिकाओं को बताए सुरक्षा के तरीके

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 10h Ago 75 Views


उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और जागरूकता को लेकर थाना गोविंदनगर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया कि बस, रास्ते या किसी सार्वजनिक स्थान पर मनचलों और शोहदों द्वारा छेड़खानी किए जाने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिए महिला पावर लाइन 1090 पर शिकायत करने और संबंधित थाने में पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 102 और 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति टीम ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि इस योजना के माध्यम से यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।

पुलिस टीम ने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।

इस जागरूकता अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों, साइबर सुरक्षा और शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूक करते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now