यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने गया युवक रहस्यमय तरीके से लापता, तलाश में मथुरा पहुंचे परिजन

  • 3 days ago
  • 137 views


मथुरा/आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देने घर से निकला एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक की तलाश में उसके परिजन आगरा से मथुरा तक पहुंच गए हैं। परिजनों के अनुसार युवक को आखिरी बार मथुरा के भूतेश्वर मंदिर क्षेत्र में देखा गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार आगरा के खंदौली क्षेत्र निवासी तरुण 8 जून को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए गाजियाबाद गया था। युवक के बड़े भाई ओमप्रकाश ने बताया कि परीक्षा के लिए घर से निकलने के बाद उनकी आखिरी बातचीत 8 जून को हुई थी। उस समय तरुण ने बताया था कि वह निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर रुका हुआ है।

परिजनों के मुताबिक तरुण की परीक्षा शाम की शिफ्ट में थी। जब शाम करीब 7 बजे परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और उन्होंने लगातार उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

तरुण के अचानक लापता होने के बाद परिजन गाजियाबाद पहुंचे और स्थानीय थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि मथुरा के भूतेश्वर मंदिर के पास लगे एक भंडारे में तरुण को भोजन करते हुए देखा गया था। यह सूचना मिलने के बाद परिजन तुरंत मथुरा पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी।

परिवार के लोग लगातार विभिन्न स्थानों पर खोजबीन कर रहे हैं और लोगों से भी सहयोग की अपील कर रहे हैं। वहीं पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है।

परिजनों का कहना है कि जब तक तरुण सुरक्षित नहीं मिल जाता, उनकी चिंता कम नहीं होगी। परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को युवक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या परिजनों को सूचित करें।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now