फर्जी बिलिंग से करोड़ों की जीएसटी चोरी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

  • 1 day ago
  • 230 views


मुरादाबाद। मुरादाबाद पुलिस की विशेष जांच टीम ने फर्जी बिलिंग के जरिए करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना मझोला में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान की गई।

जांच में सामने आया कि एम/एस नेशनल ट्रेडर्स नामक फर्म का इस्तेमाल कथित रूप से केवल कागजी लेनदेन दिखाने के लिए किया जा रहा था। आरोप है कि इस फर्म के माध्यम से विभिन्न कंपनियों और कारोबारियों को अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ पहुंचाया जाता था, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा था।

विशेष जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद फैसल और शाहनवाज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे फर्जी खरीद-बिक्री के बिल जारी कर जीएसटी धोखाधड़ी के नेटवर्क का संचालन करते थे और इसके बदले कमीशन प्राप्त करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बरामद उपकरणों की जांच की जा रही है, जिससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने की संभावना है।

अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि मामले का कथित मुख्य आरोपी ईशान मलिक अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now