एसी में गैस भरते समय फटा कम्प्रेसर, धमाके में युवक की दर्दनाक मौत

  • 1 day ago
  • 269 views


मुरादाबाद। मुरादाबाद के गलशहीद थाना क्षेत्र स्थित असालतपुरा इलाके में एसी में गैस भरते समय कम्प्रेसर फटने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार मोहम्मद तोहिद का पुत्र मोहम्मद कैफ कई वर्षों से वातानुकूलन यंत्रों की मरम्मत का कार्य करता था। शनिवार शाम वह अपने घर में लगे एसी में गैस भर रहा था। इसी दौरान अचानक कम्प्रेसर में जोरदार विस्फोट हो गया।

तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो मोहम्मद कैफ गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि युवक को गंभीर चोटें आईं, जिनके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और मोहल्ले में मातम का माहौल है।

परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं कराई और बिना पोस्टमार्टम के शव को घर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।

इस दर्दनाक हादसे ने एसी मरम्मत और गैस भरने जैसे कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now