परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल...
- 17h ago
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रेसवार्ता में उन्होंने राम मंदिर, कथित एनकाउंटर, चुनावी व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।
राम मंदिर के दान पात्र से चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सनातन धर्म का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि स्थिति ऐसी हो गई है कि अब मंदिरों और साधु-संतों की भी जांच करानी पड़ रही है, जो चिंताजनक है।
गाजीपुर में हुए कथित एनकाउंटर को लेकर उन्होंने सवाल उठाते हुए इसे फर्जी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फर्जी मुठभेड़ों में माहिर हो चुकी है और ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पश्चिम बंगाल में ईवीएम रखे गए कमरे में आग लगने की घटना का जिक्र करते हुए भी उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस द्वारा सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी किए जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी भी प्रदेश की सभी सीटों पर पूरी मजबूती के साथ तैयारी कर रही है और जनता के बीच लगातार काम कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि आगरा में लगभग 500 प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
अखिलेश यादव ने पीडीए की नई व्याख्या करते हुए कहा कि इसका अर्थ प्रेम, दया और अपनापन है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति सामाजिक सद्भाव और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की विचारधारा पर आधारित है।
उन्होंने भरोसा जताया कि सत्ता में आने पर स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर