दिल्ली-NCR में बादलों का डेरा, दोपहर से शाम तक खराब हो सकता है मौसम

  • 17h ago
  • 98 views


दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और आसपास के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी जा सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रोहतक के ऊपर बने सक्रिय बादल समूह का असर दिल्ली-NCR पर देखने को मिल रहा है। इसी वजह से राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ी हैं। बवाना, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, सफदरजंग, लोधी रोड, आईटीओ, कालकाजी और तुगलकाबाद समेत कई इलाकों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है।

IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 और 16 जून को हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक जारी रह सकती हैं। इसके बाद अगले कुछ दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि तापमान धीरे-धीरे फिर बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें। विशेष रूप से वाहन चालकों को तेज हवाओं और कम दृश्यता के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now