कानपुर देहात में दर्दनाक हादसा: नदी में डूबे दो बच्चे, तलाश में जुटीं बचाव टीमें

  • 1 day ago
  • 185 views


कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र स्थित नयापुरवा मजरा हलिया गांव में नदी में नहाने गए दो बच्चों के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार 12 वर्षीय भूरी और 16 वर्षीय अनंतराम नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान भूरी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए अनंतराम तुरंत नदी में कूद पड़ा, लेकिन किशोरी को बचाने के प्रयास में वह भी पानी की तेज धारा और गहराई में फंसकर डूब गया।

घटना के बाद जब भूरी की मां अपनी बेटी की तलाश में नदी में उतरीं तो वह भी डूबने लगीं। हालांकि मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने साहस का परिचय देते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया और दोनों बच्चों की तलाश शुरू की गई। देर शाम तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

प्रशासन ने बचाव अभियान को तेज करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल की टीमों को भी मौके पर बुलाया है। दोनों टीमें नदी में व्यापक खोज अभियान चलाने की तैयारी में जुटी हैं।

इस हादसे के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। परिजन बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं, जबकि प्रशासन लगातार बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now