मांट पुलिस की बड़ी कार्रवाई चोरी की बाइक, अवैध तमंचा और 2 जिंदा कारतूस के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार

  • संवाददाता: अक्षय यादव
  • 14h Ago 330 Views


मथुरा जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मांट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दरवे नहर पुल के पास से एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरजू उर्फ सज्जू पुत्र ज्ञानपाल निवासी रोशन विहार कॉलोनी, लक्ष्मीनगर, थाना जमुनापार, जनपद मथुरा के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 की रात करीब 9:50 बजे थाना मांट पुलिस टीम दरवे नहर पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को उसके कब्जे से काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और .315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर अंकित नंबर प्लेट UP 85 CE 6913 संदिग्ध पाई गई। पुलिस के मुताबिक, वाहन का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर UP 81 DX 8072 पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मांट में मुकदमा संख्या 276/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 317(5), 318(4) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 9/25 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।

11 मुकदमों का आपराधिक इतिहास

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मथुरा और अलीगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, अवैध हथियार, एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं से संबंधित कुल 11 मुकदमे दर्ज होने का आपराधिक इतिहास बताया गया है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रवीन्द्रपाल सिंह, उपनिरीक्षक हरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल ओमवीर सैनी और कांस्टेबल अरविन्द कुमार शामिल रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now