सोनई में बाल और फ्यूचर वोटर्स मेले का भव्य आयोजन, बच्चों ने नुक्कड़ नाटक और मॉक मतदान से दिया जागरूकता का संदेश

  • संवाददाता: आरती शर्मा
  • 15h Ago 108 Views


मथुरा जनपद के सोनई स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में बाल दिवस के अवसर पर बाल मेला एवं फ्यूचर वोटर्स मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान के महत्व का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. दीनदयाल एवं जनपद ईएलसी कोऑर्डिनेटर डॉ. अखिलेश यादव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

मेले में विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता, क्विज, पपेट शो, नुक्कड़ नाटक और फूड प्लाजा सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा महापुरुषों का रूप धारण कर प्रस्तुत किया गया फैशन शो रहा। वहीं विद्यार्थियों के अनुशासित मार्च पास्ट ने भी अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

फ्यूचर वोटर्स मेले के अंतर्गत मॉक मतदान का आयोजन कर विद्यार्थियों को मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। उन्हें बताया गया कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट का कितना महत्व है और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में मतदान के प्रति जागरूक रहना कितना आवश्यक है।

कार्यक्रम के समापन पर चयनित विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिकता की शपथ दिलाई गई। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों और भावी मतदाताओं में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करना तथा मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now