बाल दिवस पर बच्चों का अनोखा धमाल सरस्वती शिशु मंदिर के शीत शिविर में दिखा शिक्षा, संस्कार और मस्ती का संगम

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 10h Ago 105 Views


मथुरा में बाल दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर द्वारा आयोजित दो दिवसीय शीत शिविर बच्चों के लिए यादगार बन गया। इस अनूठे शिविर में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने खेलकूद, भजन, संगीत और धार्मिक स्थलों के भ्रमण के जरिए खूब मस्ती की। खास बात यह रही कि शिविर का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना और भारतीय सनातन संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ना भी रहा।

शिविर के दौरान बच्चों ने चिंताहरण महादेव मंदिर, ब्रह्मांड घाट, रसखान की समाधि, रमणरेती, चौरासी खंभा और रावल सहित मथुरा के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। वहीं पारंपरिक भजनों और भगवान भोलेनाथ के गीतों पर बच्चों ने जमकर उत्साह दिखाया। विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के उपाध्यक्ष हर्ष अग्रवाल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को माता-पिता से अलग रहकर आत्मनिर्भर बनाना और खेलकूद के माध्यम से उनमें संस्कार विकसित करना था।

प्रधानाचार्य दीपेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चे भ्रमण से लेकर रात्रि विश्राम तक विद्यालय परिसर में ही रहे। बच्चों का उत्साह इतना अधिक था कि माता-पिता की याद भी उन्हें शिविर की मस्ती से दूर नहीं कर सकी।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय अध्यक्ष महेश चंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष हर्ष अग्रवाल और व्यवस्थापक हरीश भाटिया ने बच्चों को उपहार एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now