बांके बिहारी मंदिर के पास श्रद्धालुओं और स्थानीय युवक में जमकर मारपीट

  • संवाददाता: राहुल ठाकुर
  • 9h Ago 144 Views


वृंदावन। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के पास एक बार फिर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। मंदिर के गेट नंबर-2 के समीप अलीगढ़ से आए पर्यटकों और एक स्थानीय युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।  तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय युवक सूरज चौहान अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच रास्ते से निकलने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।

स्थानीय युवक सूरज चौहान ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ महिला और पुरुष पर्यटकों ने उनका रास्ता रोककर गाली-गलौज की और उनके सिर पर वार किया। युवक का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए।

वहीं, दूसरी ओर पर्यटकों ने स्थानीय युवक पर उनके साथ मौजूद महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया। पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की ओर से दी गई शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के आसपास इस तरह की घटनाएं सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करती हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now