वृंदावन में 'गुरु नमन 2026' के तहत भारतीय कला संगम का आयोजन, गुरु-शिष्य परंपरा और शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण का दिया संदेश

  • संवाददाता: राहुल ठाकुर
  • 16h Ago 142 Views


वृंदावन। धर्म और अध्यात्म की नगरी वृंदावन में भारतीय संस्कृति, परंपरा और शास्त्रीय कलाओं के सम्मान को समर्पित एक विशेष आयोजन किया गया। शुक्रवार को 'गुरु नमन 2026' के अंतर्गत भारतीय कला संगम का आयोजन हुआ, जिसमें भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

रामा नारायणा गुरुकुलम के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन वृंदावन स्थित श्री श्री कात्यायनी पीठ, केशवाश्रम, राधाबाग में किया गया। कार्यक्रम में कला, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए पट्टारामा स्वामी ने बताया कि भारतीय कला संगम का मुख्य उद्देश्य देश की समृद्ध शास्त्रीय कला परंपराओं को सम्मान देना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। भारतीय संस्कृति में संगीत, नृत्य और अन्य पारंपरिक कलाओं का विशेष स्थान रहा है। इन कलाओं के माध्यम से भारतीय सभ्यता, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों की झलक देखने को मिलती है।

उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रीय कलाएं सदियों से गुरु-शिष्य परंपरा के माध्यम से एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती रही हैं। गुरु केवल कला का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि शिष्य को अनुशासन, संस्कार और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। इसी महान परंपरा को सम्मान देने के उद्देश्य से गुरु नमन कार्यक्रम की परिकल्पना की गई है।

वहीं मंदिर के ट्रस्टी सिद्धार्थ सहाय ने बताया कि आज के आधुनिक दौर में भारतीय संस्कृति और पारंपरिक कलाओं का संरक्षण बेहद आवश्यक है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना समय की जरूरत है। भारतीय कलाओं को जीवित रखना केवल कलाकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि भारतीय शास्त्रीय कलाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरव हैं। इनका सम्मान, संरक्षण और प्रचार-प्रसार आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

वृंदावन में आयोजित यह भारतीय कला संगम भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सराहनीय प्रयास रहा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now