वृंदावन में पुलिसकर्मियों के बीच सरेराह मारपीट, लात-घूंसों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

  • 2 days ago
  • 216 views


वृंदावन में शनिवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब कानून व्यवस्था संभालने वाले दो पुलिसकर्मी ही आपस में भिड़ गए। सुनरख स्थित पार्किंग क्षेत्र में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी और खाकी वर्दीधारी पुलिसकर्मी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच सरेआम लात-घूंसे चलने लगे। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दोपहर सुनरख पार्किंग क्षेत्र में किसी बात को लेकर दोनों पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे पर हाथापाई करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

वायरल वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

गौरतलब है कि सुनरख स्थित यह पार्किंग स्थल पहले भी विवादों में रह चुका है। कुछ वर्ष पूर्व इसी स्थान पर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना सामने आई थी, जिसमें श्रद्धालुओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटे जाने और उनके कपड़े फाड़े जाने के आरोप लगे थे। उस घटना के बाद प्रशासन ने पार्किंग को बंद करवा दिया था। अब एक बार फिर यही स्थान नए विवाद के कारण सुर्खियों में आ गया है।

पुलिसकर्मियों के बीच हुई इस मारपीट ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि घटना को लेकर अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

फिलहाल वायरल वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि कानून के रखवाले ही सड़क पर आपस में भिड़ गए।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now