परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल...
- 18h ago
मथुरा। समाज सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सक्रिय प्रथम पहल फाउंडेशन का शपथ ग्रहण एवं अधिष्ठापन समारोह बुधवार को मसानी लिंक बायपास रोड स्थित परिणय गार्डन में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, वहीं संस्था को एक अत्याधुनिक एम्बुलेंस भी समर्पित की गई। साथ ही भविष्य में मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल निर्माण की बड़ी घोषणा ने समारोह को और विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी नवलगिरी महाराज, भगवताचार्य रसिया बाबा और स्वीटी सुपारी के एमडी सुनील अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
संस्था के संस्थापक सीए अमित अग्रवाल ने कन्हैयालाल अग्रवाल को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इसके बाद प्रियांश अग्रवाल (महासचिव), पंकज टालीवाल (कोषाध्यक्ष), नारायण हरि गोयल (सचिव) सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने-अपने पदों की शपथ ग्रहण की।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सुनील अग्रवाल ने अपने पूज्य पिता स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की स्मृति में संस्था को एक सर्वसुविधायुक्त आधुनिक एम्बुलेंस भेंट की। उन्होंने घोषणा की कि समाजहित में प्रत्येक माह एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी कराया जाएगा।
संस्थापक सीए अमित अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2020 में शुरू हुई प्रथम पहल फाउंडेशन आज समाज सेवा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान बना चुकी है और लगातार जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचा रही है।
कार्यक्रम के दौरान संयोजक जयंती प्रसाद अग्रवाल ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि संस्था के संरक्षक महेश चंद्र अग्रवाल कसेरे के प्रयासों से मोहनलाल अग्रवाल ने अस्पताल निर्माण के लिए भूमि दान की है। इस भूमि पर जल्द ही एक आधुनिक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
भगवताचार्य रसिया बाबा ने भी इस जनकल्याणकारी कार्य में सहयोग का संकल्प लेते हुए कहा कि वे एक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन करेंगे, जिसकी संपूर्ण दान राशि अस्पताल निर्माण कार्य में समर्पित की जाएगी।
समाजसेवी एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अशोक अग्रवाल ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रथम पहल फाउंडेशन समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य कर रही है। वहीं वर्ष 2021 से गोवर्धन दास अग्रवाल की भूमि पर संचालित क्लिनिक की सेवाओं और नीनू चचे के योगदान की भी मंच से प्रशंसा की गई।
समारोह के अंत में शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर