ब्रेकिंग न्यूज़: ओवरलोड स्कूल टेम्पो बना मासूम की मौत का कारण, घर लौटते वक्त गिरा LKG छात्र, पहिए के नीचे आने से गई जान

  • 12h ago
  • 102 views


यह दर्दनाक हादसा अलवर जिले के रैणी क्षेत्र में हुआ। बाजोली गांव निवासी एलकेजी के छात्र दीक्षित कुमार स्कूल की छुट्टी के बाद अन्य बच्चों के साथ टेम्पो से घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेम्पो में क्षमता से कहीं अधिक बच्चे सवार थे, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और मासूम चलती गाड़ी से नीचे गिर पड़ा। इससे पहले कि चालक वाहन रोक पाता, टेम्पो का पिछला पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके के कई निजी स्कूल नियमों की अनदेखी कर छोटे वाहनों में क्षमता से कई गुना अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय टेम्पो में करीब 17 से अधिक बच्चे सवार थे। लोगों ने स्कूल प्रशासन, वाहन चालक और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हादसे के बाद परिवहन विभाग और आरटीओ ने वाहन का निरीक्षण शुरू कर दिया है। चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने भी ओवरलोड स्कूल वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now