मुड़िया मेला-2026: भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के खोया-पाया केंद्र ने बिछड़े श्रद्धालुओं को अपनों से मिलाया, सेवा की बनी मिसाल

  • 11h ago
  • 98 views


गुरु पूर्णिमा एवं गोवर्धन परिक्रमा मेला-2026 के दौरान मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा संचालित खोया-पाया केंद्र श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। मेले में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच स्वयंसेवक दिन-रात सेवा भाव से ड्यूटी निभाते हुए अपनों से बिछड़े यात्रियों को उनके परिजनों से मिलाने और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इसी क्रम में 29 जुलाई की सुबह दिल्ली निवासी विजय सिंह को खोजबीन के बाद उनके परिजनों से सकुशल मिलाया गया। वहीं 55 वर्षीय हरिया की गुमशुदा पत्नी ज्ञानबाई को भी खोया-पाया केंद्र की मदद से तलाश कर उनके पति के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा संध्या को भी उनकी माता तुलसा जी से सुरक्षित मिलवाया गया। अपनों से मिलते ही परिजनों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवक पूरे मेला अवधि में निःस्वार्थ सेवा, मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित सहायता की भावना से कार्य कर रहे हैं। भारी भीड़ के बीच बिछड़े बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने के साथ-साथ आवश्यक मार्गदर्शन और प्राथमिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुड़िया मेला-2026 के दौरान मथुरा जंक्शन पर संचालित खोया-पाया केंद्र श्रद्धालुओं के लिए एक भरोसेमंद सहायता केंद्र बनकर उभरा है। यह केंद्र न केवल बिछड़े परिवारों को दोबारा मिलाने का कार्य कर रहा है, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराकर मानव सेवा की उत्कृष्ट मिसाल भी पेश कर रहा है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now