नगर निगम की कार्रवाई पर भड़के व्यापारी, सचल दल का किया घेराव; सड़क पर हुआ हंगामा

  • 8 days ago
  • 316 views


मथुरा। कोतवाली रोड क्षेत्र में नगर निगम की कार्रवाई के दौरान शनिवार को व्यापारियों और निगम कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि आक्रोशित व्यापारियों ने नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नेतृत्व में नगर निगम के सचल दल का घेराव कर दिया और जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार कोतवाली रोड स्थित गुप्ता दोना-पत्तल की दुकान पर प्रदूषण विभाग द्वारा नगर निगम के सहयोग से प्लास्टिक के विरुद्ध छापेमारी की जा रही थी। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान नगर निगम के सचल दल के कर्मचारी बड़ी संख्या में दुकान के अंदर पहुंच गए और सामान की जांच के दौरान उसे उलट-पुलट करना शुरू कर दिया, जिससे व्यापारियों में नाराजगी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, महामंत्री शशिभानु गर्ग, वरिष्ठ मंत्री विकास जिंदल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने निगम कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का विरोध करते हुए उन्हें दुकान से बाहर निकाल दिया और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

व्यापारियों का कहना था कि जब कार्रवाई प्रदूषण विभाग द्वारा की जा रही थी तो नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा दुकान के अंदर घुसकर इस तरह की कार्रवाई करना उचित नहीं था। उन्होंने निगम कर्मचारियों पर खींचतान और अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया।

स्थिति बिगड़ती देख कोतवाली पुलिस और सहायक नगर आयुक्त सौरभ सिंह मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली वार्ता के बाद माहौल शांत हुआ। व्यापारियों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए भविष्य में ऐसी कार्रवाई न करने की मांग की।

सहायक नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि भविष्य में नगर निगम के कर्मचारी किसी भी दुकान में इस प्रकार अंदर प्रवेश कर कार्रवाई नहीं करेंगे और सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुरूप की जाएंगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now