परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल...
- 18h ago
मथुरा। थाना जैंत पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह के दो वांछित शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।
जानकारी के अनुसार, जैंत माइनर बंबे पर रामताल रोड के पास पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध स्कॉर्पियो कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फिरोजाबाद निवासी अनिल उर्फ पुष्पेंद्र (28 वर्ष) और योगेश उर्फ टीपू (29 वर्ष) के पैरों में गोली लग गई। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर उपचार के लिए वृंदावन स्थित सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की सफेद स्कॉर्पियो कार, दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण, नट-बोल्ट और रस्से बरामद किए हैं। बरामद सामान से स्पष्ट है कि आरोपी ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी में थे या पहले से इस तरह के अपराधों में शामिल रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपी ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह से जुड़े हुए हैं और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा उन्होंने जनपद और आसपास के क्षेत्रों में कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
मथुरा पुलिस ने इस कार्रवाई को ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता बताया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर