परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल...
- 18h ago
मथुरा। मसानी स्थित माया टीला हादसे को एक वर्ष पूरा होने जा रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिस टीले के खिसकने से दो मासूम बच्चियों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी, उसी टीले पर बने जर्जर और खतरनाक मकानों में अब फिर से लोग रहने लगे हैं। लगातार हो रही बारिश और टीले के कमजोर होते ढांचे को देखते हुए एक बार फिर बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।
करीब एक वर्ष पहले माया टीले पर मिट्टी खिसकने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था। हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए क्षेत्र को खाली कराया था, लेकिन अब हालात फिर चिंता बढ़ाने वाले नजर आ रहे हैं।
अभी न्यूज़ की टीम जब रात के समय मौके पर पहुंची तो कई लोग जर्जर मकानों के आसपास घूमते और कुछ लोग वहां रुकते हुए दिखाई दिए। टीम को वहां 13 वर्षों से चौकीदारी कर रहे पवन, उनकी पत्नी गुंजन और पुत्र लक्ष्मण मिले। उन्होंने बताया कि करीब चार महीने पहले पुलिस की निगरानी हटने के बाद लोग दोबारा इन खतरनाक मकानों में रहने आने लगे हैं।
पवन का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को चेतावनी देकर चली जाती है, जिसके बाद कुछ दिन तक लोग नहीं आते, लेकिन फिर रात के समय मकानों में रहने लगते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण टीला और अधिक कमजोर हो रहा है। इसके अलावा टीले में पक्षियों द्वारा बनाए गए घोंसलों और मिट्टी के कटाव से इसकी संरचना खोखली होती जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हिस्सा ढह सकता है।
चौकीदार पवन ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इन जर्जर और खतरनाक मकानों को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। उनका कहना है कि एक साल पहले जो दर्दनाक घटना हुई थी, उसकी पुनरावृत्ति कभी भी हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि पिछले हादसे से पहले भी प्रशासन को खतरे की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। अब क्षेत्रवासियों की मांग है कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा इंतजाम करे और खतरे वाले मकानों को खाली कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर