दुकान का शटर खोलते समय लगा करंट, 21 वर्षीय युवक की मौत; अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

  • 2 days ago
  • 122 views


 

गोवर्धन। गोवर्धन कस्बे में एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है, जबकि चिकित्सकों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घनश्याम अग्रवाल (21) पुत्र विनोद अग्रवाल, निवासी उर्मिला सेवा सदन, बस स्टैंड के सामने, गोवर्धन, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे अपनी दुकान का शटर खोल रहे थे। बताया जा रहा है कि शटर के अंदर रखा बैग निकालने के दौरान अचानक शटर में करंट दौड़ गया और वह उसकी चपेट में आ गए।

करंट लगते ही घनश्याम गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग उन्हें तुरंत गोवर्धन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में समय रहते उचित उपचार नहीं मिला और लापरवाही के कारण युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. प्रदीप गौतम ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जब युवक को अस्पताल लाया गया, तब उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर थी। चिकित्सकीय जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उसकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, इसलिए उपचार की कोई संभावना नहीं बची थी।

फिलहाल युवक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। घटना ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि मामूली सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now